Deoli News 1 जनवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) भारतीय सेना में 30 वर्ष की सेवा के बाद सूबेदार ऑनररी लेफ्टिनेंट रणवीर सिंह के गुरुवार को दूनी पहुंचने पर लोगों ने उनका स्वागत किया।
पूर्व सरपंच भंवरलाल रोझ के पुत्र रणवीर सिंह (आर्मी मेडिकल कोर) की सेना में सेवा पूरी होने पर सरोली मोड़ चौराहा से उनके निवास तक जुलूस निकाला गया। इस दौरान आवा सरपंच दिव्यांश भारद्वाज सहित स्थानीय व्यापारियों और लोगों ने जगह-जगह माला एवं साफा पहनाकर उनका अभिनंदन किया। मुख्य बाजार और दूणजा माता मंदिर होते हुए निकले इस जुलूस में खूब आतिशबाजी की गई।
दूनी ग्राम सेवा सहकारी समिति में अध्यक्ष मोतीलाल मेहरा की अध्यक्षता में विशेष सम्मान समारोह भी हुआ। देशभक्ति के माहौल में क्षेत्रवासियों ने रणवीर सिंह को स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया। इस दौरान भारतीय सेना के सूबेदार ऑनररी लेफ्टिनेंट के स्वागत के लिए लोग उमड़ पड़े।



