एलएनटी मशीन और झोपड़ी जली
Deoli News 15 मार्च (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) क्षेत्र के बीजवाड़ स्थित एक ग्रेनाइट माइंस में शनिवार को शॉर्ट सर्किट के चलते अचानक आग लग गई, जिससे वहां रखी मशीनरी और अन्य सामान को नुकसान हुआ है।
सूचना पर नासिरदा थाना प्रभारी नेकीराम और सहायक उप निरीक्षक सत्यनारायण मय जाप्ता मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। जानकारी के अनुसार बीजवाड़ में एक माइंस के पास बनी एक झोपड़ी में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। इस आग की चपेट में आने से झोपड़ी के भीतर रखा बेड, कुर्सी, और अन्य घरेलू सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। वहीं पास में ही खड़ी एक एलएनटी मशीन भी आग की लपटों की चपेट में आ गई, जिससे मशीन की केबिन क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि प्रशासन द्वारा तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचित किया गया।
लेकिन दमकल के पहुंचने से पहले ही वहां मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए पानी के टैंकरों की मदद से आग पर काबू पा लिया। गनीमत यह रही कि इस पूरे हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।


