Deoli News 19 मार्च (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली पुलिस सर्कल की दूनी थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए महज 48 घंटे के भीतर गुरुवार को नकबजनी की एक बड़ी वारदात का पर्दाफाश किया है।
पुलिस ने मामले में 3 महिला नकबजनों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 42 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवरात और 16 हजार 500 रुपए नकद बरामद किए हैं। बरामद माल में 40 तोला सोना और आधा किलो चांदी शामिल है। यह कार्रवाई गत 17 मार्च को सीतापुरा निवासी भवानी सिंह द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के आधार पर की गई, जिसमें उन्होंने घर का ताला तोड़कर जेवरात व नकदी चोरी होने की जानकारी दी थी। वारदात के दिन पीड़ित अपने दोहिते नरेंद्र सिंह को स्कूल लेने गए थे। वापस आने पर वारदात का पता लगा। पुलिस अधीक्षक राजेश मीणा के आदेशानुसार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह सोलंकी व पुलिस उपाधीक्षक हेमराज के निर्देशन में थानाधिकारी गौरव गुर्जर (आरपीएस प्रोबेशनर) के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित अनुसंधान करते हुए चोरी किए गए पूरे माल सहित आरोपियों को धर दबोचा है।
इस कार्रवाई में थानाधिकारी गौरव गुर्जर के साथ सहायक उपनिरीक्षक उदय लाल और हेड कांस्टेबल राजेश कुमार की अहम भूमिका रही।


