“मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत”
Jahazpur News 22 अप्रैल (मोहम्मद आजाद नेब) जहाजपुर उप जिला अस्पताल में चिकित्सा सेवाओं के विस्तार की दिशा में बुधवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। उपजिला चिकित्सालय में लंबे समय से प्रतीक्षित नई सोनोग्राफी मशीन का विधायक गोपीचंद मीणा द्वारा विधिवत उद्घाटन किया गया।
पूर्व में अस्पताल की करीब 20 वर्ष पुरानी मशीन खराब होने के कारण मरीजों को निजी सेंटरों या अन्य शहरों का रुख करना पड़ता था, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान हो रहा था। विधायक मीणा के प्रयासों से आरएमसीएल जयपुर के माध्यम से यह आधुनिक मशीन उपलब्ध कराई गई है। सोनोलॉजिस्ट डॉ. जीपी गोयल ने बताया कि फिलहाल प्राथमिकता के आधार पर गर्भवती महिलाओं की सोनोग्राफी जांच शुरू की जाएगी, जिससे क्षेत्र की महिलाओं को बड़ी राहत मिलेगी।
उद्घाटन समारोह के दौरान भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता और लोग भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. नईम अख्तर ने आभार व्यक्त करते हुए अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों के रिक्त पदों का मुद्दा उठाया, जिस पर विधायक ने आगामी कुछ महीनों में नियुक्तियां करवाकर स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ करने का भरोसा दिलाया।




