Deoli News 22 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) राज्य सरकार ने ग्राम सेवा सहकारी समितियों के ऋणी सदस्यों को बड़ी राहत देते हुए फसली ऋण चुकाने की अंतिम तिथि बढ़ाकर अब 15 मई कर दी है।
दूनी ग्राम सेवा सहकारी समिति के चेयरमैन मोतीलाल मेहरा ने बताया कि प्रदेशभर में व्यवस्थापकों की हड़ताल के कारण किसान समय पर अपना ऋण जमा नहीं करा पा रहे थे, जिसे देखते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और सहकारिता मंत्री गौतम कुमार दक ने यह निर्णय लिया है। दूनी सीसी बैंक के शाखा प्रबंधक धीरज जैन ने स्पष्ट किया कि जिन किसानों ने अभी तक अपना ऋण चुकता नहीं किया है।
वे नजदीकी ‘दी सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक’ की शाखा में जाकर 15 मई तक राशि जमा करा सकते हैं। निर्धारित समय सीमा के बाद जमा कराने पर किसानों को नियमानुसार ब्याज देना होगा। ऋण माफी और आगामी लाभों के पात्र बने रहने के लिए ऋणी सदस्यों के पास अपनी बकाया राशि जमा कराने का यह अंतिम अवसर है।



