Deoli News 23 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) पुलिस थाना देवली की कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ने एक कार्रवाई और की है। पुलिस उपाधीक्षक हेमराज के सुपरविजन तथा थानाधिकारी दौलत राम गुर्जर के नेतृत्व में गठित कालिका टीम देवली थाना क्षेत्र में मनचलों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है।
शनिवार को देवली में गश्त के दौरान बस स्टैंड के सामने एक व्यक्ति को आने-जाने वाली महिलाओं पर छींटाकशी करते हुए पाया गया। इससे महिलाओं में असुरक्षा की भावना पैदा हो रही थी। छेड़खानी और छींटाकशी की गंभीर आशंका को देखते हुए पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रामपाल पुत्र जमनालाल मोची निवासी घोसी मोहल्ला, देवली को गिरफ्तार कर लिया। उल्लेखनीय है कि आरोपी रामपाल को पहले भी महिलाओं पर छींटाकशी करने के आरोप में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट द्वारा गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा चुका है। बार-बार इस तरह के अपराध में संलिप्त रहने के कारण इस बार आरोपी के विरुद्ध इस्तगासा तैयार कर कार्यपालक मजिस्ट्रेट देवली के समक्ष पेश किया गया है।
कार्रवाई टीम में महिला हेड कांस्टेबल रजिया, महिला कांस्टेबल सुनीता, कांस्टेबल दीपक और कांस्टेबल रामराज शामिल रहे।


