आरोपी खुलेआम दे रहे जान से मारने और गांव छोड़ने की धमकी, परिवार में दहशत
Jahazpur News 5 (मोहम्मद आजाद नेब) शक्करगढ़ थाना क्षेत्र के लाल का खेड़ा गांव की एक महिला ने एससी-एसटी एक्ट के तहत दर्ज प्रकरण में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर जिला पुलिस अधीक्षक से न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई है। पीड़िता का आरोप है कि मामला दर्ज होने के एक माह बाद भी पुलिस की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने से आरोपी बेखौफ घूम रहे हैं।
उसे व उसके परिवार को जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। पीड़िता द्वारा पुलिस अधीक्षक को सौंपे गए ज्ञापन के अनुसार गत एक मई को कुछ लोगों ने उसकी टपरी में घुसकर मारपीट की और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर अपमानित किया। इस घटना के संबंध में शक्करगढ़ थाने में प्रकरण दर्ज किया गया, जिसमें भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धाराएं शामिल हैं। महिला का कहना है कि मामला दर्ज हुए एक माह से अधिक समय बीतने के बाद भी अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। कार्रवाई के अभाव में आरोपी लगातार परिवार को डराने-धमकाने का प्रयास कर रहे हैं। ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि हाल ही में आरोपियों ने उसके पति का मोटरसाइकिल से पीछा किया।
जिससे परिवार में भय का माहौल है और सदस्य दहशत के बीच जीवन यापन कर रहे हैं। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने, परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने और शक्करगढ़ थाना पुलिस को प्रभावी कार्रवाई के लिए निर्देशित करने की मांग की है।


