Deoli News 6 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली निवासी एक वृद्ध विधवा महिला को पति की पेंशन शुरू करवाने का झांसा देकर लाखों रुपए की धोखाधड़ी करने का मामला थाने में सामने आया है।

प्रकरण के अनुसार तेजाजी कॉलोनी निवासी 60 वर्षीय मुन्नी देवी ने न्यायालय के माध्यम से मुकदमा दर्ज कराया है। परिवादिया का आरोप है कि आरोपी अमरजीत सिंह निवासी वल्लभ मार्ग पटेल नगर नीमच मध्यप्रदेश, अमरज्योति पुत्री प्रेम शंकर दीक्षित निवासी किले के पास पुलिस चौकी चित्तौड़गढ़ और पुष्पा देवी निवासी वल्लभ मार्ग पटेल नगर नीमच ने उन्हें पेंशन का झांसा देकर अलग-अलग समय पर उनसे बड़ी धनराशि ऐंठ ली। पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपी उनके पारिवारिक सदस्य बनकर देवली आए थे और उन्होंने पेंशन के नाम पर फाइल चार्ज के रूप में पहले 60 हजार रुपए लिए, जिसके बाद फोन-पे के माध्यम से विभिन्न तिथियों पर और भी कई बार रुपए जमा करवाए।
इतना ही नहीं इसके बाद भी आरोपियों ने देवली आकर पीड़िता से और भी कई बार में 4 लाख रुपए की राशि हड़प ली। जब पीड़िता ने अपनी पेंशन के बारे में पूछताछ की, तो आरोपियों ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया और धीरे-धीरे फोन उठाना बंद कर दिया। पीड़िता द्वारा स्थानीय थाने में रिपोर्ट दर्ज न होने के बाद न्यायालय की शरण ली गई।
न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच अधिकारी शिव कुमार को मामले की जांच सौंपी है।


