Deoli News 9 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली पुलिस ने गौ तस्करी के एक पुराने मामले में लंबे समय से फरार चल रहे एक और आरोपी को हरियाणा से गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी दौलत राम गुर्जर के अनुसार आरोपी आसिफ पुत्र इदरिश निवासी हीरवाड़ी बमाठेली, थाना फिरोजपुर झिरका, जिला नूंह (हरियाणा) को दबोचा है। घटनाक्रम के अनुसार 10 नवंबर 2025 की रात को पुलिस को सूचना मिली थी कि पनवाड़ मोड़ स्थित महावीर ढाबे के पास एक कंटेनर में गौवंश भरे हुए हैं। पुलिस के पहुंचते ही चालक वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया था, जबकि कंटेनर से 15 गौवंश बरामद किए गए थे। इस प्रकरण में पूर्व में वाहन स्वामी सहबास अहमद को गिरफ्तार किया गया था।
जिससे मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने आसिफ की तलाश शुरू की। पूछताछ में आरोपी ने गौवंश के अवैध और क्रूरतापूर्ण परिवहन में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है, जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया।


