-
वीआईपी मूवमेंट का असर
-
जबकि कई महीनो से लोगों को हो रही थी असुविधा
Jahazpur News 13 जून (मोहम्मद आज़ाद नेब) शहर के अंबेडकर सर्कल स्थित बुर्ज बाबा के सामने चंबल परियोजना के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए कुछ माह पूर्व सड़क खोदी गई थी, लेकिन कार्य पूर्ण होने के बाद भी सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई।
लंबे समय से सड़क पर बने गड्ढों और उखड़े मार्ग से आमजन को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।।स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क की खराब स्थिति को लेकर कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन संबंधित अधिकारियों ने कोई ध्यान नहीं दिया। वहीं राजस्थान सरकार के केबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत के जहाजपुर दौरे से ठीक पहले प्रशासन और संबंधित विभाग की सक्रियता देखने को मिली। मंत्री के गुजरने वाले मार्ग पर सड़क के गड्ढों को आनन-फानन में मिट्टी डालकर भर दिया गया।
लोगों का कहना है कि केवल उसी मार्ग पर अस्थायी रूप से मिट्टी डाली गई, जहां से मंत्री का काफिला गुजरना था, जबकि नगर के अन्य हिस्सों में टूटी और क्षतिग्रस्त सड़कें आज भी बदहाल स्थिति में हैं। इससे आमजन में नाराजगी व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया कि यदि सड़क की मरम्मत की आवश्यकता थी तो महीनों तक इसे नजरअंदाज क्यों किया गया। लोगों का आरोप है कि अधिकारियों को आम जनता की परेशानियों की चिंता नहीं है।
बल्कि केवल वीआईपी दौरे के दौरान व्यवस्थाएं दिखाने तक ही सीमित रह जाते हैं। लोगों ने सभी क्षतिग्रस्त सड़कों की स्थायी मरम्मत कराने की मांग की है।


