Deoli News 14 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) गांवड़ी ग्राम पंचायत के दुर्गापुरा ढाणी निवासी युवक धनराज बैरवा की बिजली का करंट लगने से हुई दर्दनाक मौत के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों और परिजनों में आक्रोश है।
मामले में न्याय की मांग को लेकर अंबेडकर विचार मंच और संघर्ष समिति के आह्वान पर व्यापार महासंघ ने 15 जून को देवली बंद का समर्थन किया है। घटना के बाद से ही लोगों और परिजनों में गहरा असंतोष है। परिवार को न्याय दिलाने, 50 लाख रुपए का आर्थिक मुआवजा देने करने और आश्रित को सरकारी नौकरी दिए जाने की मांग को लेकर रविवार दोपहर बाद से ही उपखंड अधिकारी कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन शुरू हो गया है, जो देर शाम तक जारी रहा। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए रविवार को देवली थाना प्रभारी दौलतराम, तहसीलदार और विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आंदोलनकारी लोगों से अपनी मांगें लोकतांत्रिक तरीके से रखने की समझाइश की। अधिकारियों ने कहा कि उनकी मांगों को उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, वे भी प्रशासन को सहयोग करें।
इस दौरान विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता ने निगम के नियमानुसार मिलने वाली आर्थिक सहायता के बारे में जानकारी दी, लेकिन पीड़ित परिवार और उपस्थित प्रदर्शनकारियों ने संतुष्ट न होकर नारेबाजी व विरोध प्रदर्शन जारी रखा। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि धनराज सरकारी काम कर रहा था, लिहाजा उसे सरकारी कर्मचारी मानकर ही सहायता राशि दी जानी चाहिए। आंदोलन को लेकर अंबेडकर विचार मंच ने व्यापार महासंघ से समर्थन की अपील की थी। इस पर व्यापार महासंघ के अध्यक्ष पंकज जैन सर्राफ ने सोमवार को दोपहर एक बजे तक बाजार बंद रखने का आह्वान किया है।
महासंघ के मीडिया प्रभारी अमित गौतम ने यह जानकारी दी है। इसी तरह श्री व्यापार महासंघ के अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल ने भी सभी व्यापारियों से उक्त मामले में मानवीय आधार पर समर्थन देते हुए दोपहर एक बजे तक अपने प्रतिष्ठान बंद रखने की बात कही है। इधर, संघर्ष समिति ने शहर भर में मुनादी करवाकर व्यापारियों और आमजन से इस बंद में शामिल होकर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए सहयोग करने का आह्वान किया है। इससे पहले धरने पर पहुंची तहसीलदार को प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि वे यहीं पर शव रखकर प्रदर्शन करेंगे।



