गत 30 मई को टूटी थी दीवार
Deoli News 15 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के गौरव और शहीदों के सम्मान के प्रतीक शहीद स्मारक की उपेक्षा का मामला सामने आ रहा है। करीब 16 दिन पूर्व एक घटना में स्मारक की दीवार का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था। लेकिन अब तक दीवार की मरम्मत नहीं हुई और ना ही दोषियों का पता लगा।
घटना को लेकर स्थानीय प्रशासन और आमजन के बीच अलग-अलग तर्क दिए जा रहे हैं, जहां नगर पालिका मंडल ने इसे सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला बताया था, वहीं कुछ स्थानीय लोगों का मानना है कि उस रात शहर में आए तेज तूफान के कारण यह क्षति हुई है। दुर्भाग्यपूर्ण यह है कि घटना को दो सप्ताह से अधिक का समय बीत जाने के बावजूद अभी तक क्षतिग्रस्त दीवार की मरम्मत नहीं करवाई गई है। शहीद स्मारक के प्रति बरती जा रही यह लापरवाही स्थानीय लोगों और पूर्व सैनिकों का अपमान है। स्मारक की दुर्दशा का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यह स्थान अब असामाजिक तत्वों और शराबियों का अड्डा बनता जा रहा है। हाल ही में सोमवार को भी स्मारक परिसर में शराब की बोतलें देखे जाने से इसकी सुरक्षा पर सवाल उठने लगे हैं।
स्थिति को गंभीरता से लेते हुए पूर्व सैनिकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व में उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। साथ ही स्मारक की गरिमा को बनाए रखने के लिए इसकी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने और तत्काल मरम्मत कराने का आग्रह किया था। वर्तमान में शहर के आमजन प्रशासन से यह अपेक्षा कर रहे हैं कि शहीदों के सम्मान में इस स्मारक की सुध ली जाए और मरम्मत कार्य पूरा कर यहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि यह स्थल अपनी गरिमा के अनुरूप स्वच्छ और सुरक्षित बना रहे।



