Deoli News 15 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के एजेंसी एरिया में सोमवार को श्री शीतला माता प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का आगाज सोमवार को भव्य विशाल कलश यात्रा के साथ हुआ। यह महोत्सव आगामी 17 जून तक चलेगा।
महोत्सव के पहले दिन सुबह 9 बजे विधिवत पूजन के बाद शोभायात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में छोटे-छोटे बच्चों द्वारा प्रस्तुत मार्शल आर्ट डेमो और मारुति मार्शल आर्ट अकादमी के प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहे। इसके अलावा अखाड़ा प्रदर्शन और रोमांचक करतबों ने दर्शकों का मन मोह लिया। आयोजन से जुड़े टीकम सेन ने बताया कि नेवर बाग स्थित बालाजी मंदिर से शुरू हुई यह शोभायात्रा बैंड-बाजे की मधुर धुनों और नाचते-गाते श्रद्धालुओं के साथ मुख्य मार्गों से होती हुई शीतला माता मंदिर पहुंची। भीषण गर्मी को देखते हुए आयोजन समिति ने कई इंतजाम किए थे, जिसके तहत कलश यात्रा के आगे पानी के टैंकरों से सड़क मार्ग पर लगातार छिड़काव किया गया। यात्रा मार्ग पर जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया।
श्रद्धालुओं के लिए फल, आइसक्रीम, ठंडे पानी तथा शरबत का वितरण किया गया। इस अवसर पर सैकड़ों की संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे उत्साह के साथ शामिल हुए। मंदिर परिसर को बेहद आकर्षक ढंग से सजाया गया है और आयोजन समिति के सदस्य व्यवस्थाओं को संभाले हुए हैं। सेन ने बताया कि महोत्सव के अंतर्गत सोमवार शाम को गायक कलाकारों द्वारा मधुर भजन संध्या का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे।



