Deoli News 24 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) जनसेवा समिति देवली, सहाय हॉस्पिटल मोती डूंगरी जयपुर आई रिसर्च सेंटर सोसाइटी तथा जिला अंधता निवारण समिति जयपुर के संयुक्त तत्वावधान में मोतियाबिंद ऑपरेशन व लेंस प्रत्यारोपण का फॉलो-अप शिविर आयोजित किया गया।
इसमें 7 रोगी स्वास्थ्य परीक्षण के बाद पूरी तरह स्वस्थ पाए गए। समिति के अध्यक्ष कानसिंह राणावत व शिविर संयोजक कन्हैया लाल लुनिवाल ने बताया कि कैम्प में सहाय हॉस्पिटल जयपुर के नेत्र विशेषज्ञ डॉ. सोनू कुमार शर्मा ने मरीजों की आंखों की रोशनी की जांच की और विजन टेस्ट चार्ट के माध्यम से उनकी दूरी व नजदीकी दृष्टि का परीक्षण किया। सभी रोगियों को आगामी उपचार के लिए दवाइयां और विजन चश्मा उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही मरीजों को दवा डालने की सही विधि, समय और आवश्यक सावधानियों के बारे में विस्तार से समझाया गया।
इसमें मरीजों को धूल, धूप और तेज रोशनी से बचाव करने तथा आंखों को न मसलने व साफ पानी से आंखों के निचले हिस्से को साफ रखने की सलाह दी गई। इन सभी रोगियों को आगामी 15 जुलाई को पुनः फॉलो-अप के लिए बुलाया गया है।


