श्री दिगंबर जैन खंडेलवाल (सरावगी) समाज समिति बैठक हुई
Deoli News 27 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) टोंक जिले में सरावगी समाज को एकजुट और सशक्त बनाने के उद्देश्य से गठित समिति की पहली बैठक शुक्रवार को देवली स्थित महावीर दिगंबर मंदिर में आयोजित की गई।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में संत कुमार जैन, विशिष्ट अतिथि सुरेंद्र कुमार जैन (एडवोकेट) और जिला कार्यवाहक टोंक हुकुमचंद सेठी उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता देवली तहसील के ब्लॉक अध्यक्ष राजकुमार कोठारी एडवोकेट ने की। यहां देवली शहर एवं देहात क्षेत्र के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और संगठन को मजबूत करने व सामाजिक समरसता पर चर्चा की। बैठक में समिति का रजिस्ट्रेशन करवाने, आर्थिक व्यवस्था के लिए फंड जुटाने, सदस्यता अभियान चलाने, शुल्क रखने और परिवारों की सूची तैयार करने जैसे विषयों पर सुझाव दिए गए। यह भी तय किया गया कि समिति के कार्यों की जानकारी समय-समय पर समाज के सदस्यों को दी जाए।
कार्यक्रम में महावीर दिगंबर मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष संजय काला और पटेल नगर मंदिर के अध्यक्ष पारस बड़जात्या ने अतिथियों का स्वागत किया। इसके अलावा बाबूलाल जैन, महावीर कुमार जैन, पदमकुमार पाटनी, महावीर प्रसाद जैन, राजकुमार कोठारी (एडवोकेट) एवं दीपक कुमार जैन ने अपने विचार व्यक्त किए। संत कुमार जैन ने ब्लॉक से प्राप्त सुझावों की जिला स्तर पर समीक्षा करने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम का समापन शांतिपाठ के साथ हुआ।



