-
20 हजार में बिक गया ईमान, एसीबी ने पटवारी को दबोचा
-
जमीन की डिक्री के मामले में ली थी राशि
Deoli News 7 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टोंक इकाई ने मंगलवार को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए समीप के जहाजपुर तहसील के उंचा हल्का पटवारी भंवर सिंह को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
आरोपी पटवारी ने यह रिश्वत एक जमीन के मामले में डिक्री करने की एवज में मांगी थी। एसीबी के महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि इस संबंध में एक परिवादी ने शिकायत दर्ज कराई थी। परिवादी ने शिकायत में बताया कि न्यायालय के फैसले की पालना में उसके पिता के पक्ष में जमीन की डिक्री करने की एवज में हल्का उंचा के पटवारी भंवर सिंह द्वारा परेशान किया जा रहा था और 20 हजार रुपए रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायत का सत्यापन करने के बाद एसीबी टोंक ने जाल बिछाया। गत 25 जून को सत्यापन के दौरान आरोपी पटवारी ने रिश्वत राशि लेने की सहमति दी थी। लेकिन रंगे हाथों पकड़ने की कार्रवाई मंगलवार को हुई।
कार की डैश बोर्ड बरामद हुई रिश्वत
एसीबी अजमेर रेंज के उप महानिरीक्षक नारायण टोगस के निर्देशन और एसीबी टोंक के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश मीणा के पर्यवेक्षण में यह ट्रैप कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान आरोपी पटवारी भंवर सिंह ने परिवादी को बीच रास्ते अपनी कार में बैठाया और रिश्वत की राशि कार के डैश-बोर्ड के ग्लव बॉक्स में रखवाई। एसीबी की टीम ने फौरन मौके पर पहुंचकर राशि बरामद कर ली और पटवारी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी 45 वर्षीय भंवर सिंह पुत्र नाथूसिंह मूल रूप से सीकर जिले के लोसल थाना क्षेत्र के ग्राम गुनाठू का निवासी है।
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक एस. परिमाला के निर्देशन में आरोपी से पूछताछ जारी है। ब्यूरो ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और अब इस पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।


