Deoli News 29 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) उप जिला चिकित्सालय देवली में मरीजों के हित, सुरक्षा, बेहतर चिकित्सा व्यवस्था और परिसर में अनावश्यक भीड़भाड़ को रोकने के लिए अस्पताल प्रशासन द्वारा 3 सुरक्षाकर्मियों की व्यवस्था की गई है।
अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. रविराज सिंह ने बताया कि इसके तहत अस्पताल प्रबंधन द्वारा परिसर में 24 घंटे सुरक्षा गार्डों की तैनाती की गई है। इसे लेकर तीन गार्ड लगाए गए हैं। जनहित को ध्यान में रखते हुए अब केवल मरीजों और उनके साथ केवल एक ही आवश्यक परिजन को ही अस्पताल में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। परिसर में 24 घंटे तैनात सुरक्षा गार्ड बिना वजह घूमने वाले तत्वों और अनावश्यक भीड़भाड़ पर रोक लगाएंगे। अस्पताल प्रशासन ने आमजन और मरीजों के परिजनों से कहा कि वे इस नई व्यवस्था में पूरा सहयोग करें, ताकि अस्पताल में शांतिपूर्ण माहौल और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की जा सकें। उल्लेखनीय है कि किसी भी तरह की घटना होने पर अस्पताल में भीड़ लग जाती है।
जिससे चिकित्साकर्मियों को इलाज में तो परेशानी होती है, वही अव्यवस्था भी हो रही थी। इसके अलावा मनचलो व संदिग्ध अपराधियों पर भी अंकुश लगेगा। खासकर इन गार्ड्स को चोरों पर नजर रखनी होगी।


