ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
Deoli News 29 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली क्षेत्र के नेकचल बालाजी रोड के करीब 100 मीटर क्षतिग्रस्त मार्ग के निर्माण की मांग को लेकर क्षेत्रवासियों ने बुधवार को मुख्यमंत्री के नाम उपखंड अधिकारी कार्यालय देवली में ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों ने बताया कि नेकचाल बालाजी रोड लंबे समय से जर्जर हालत में है। विशेष रूप से करीब 100 मीटर का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान सड़क पर कीचड़ और गड्ढों के कारण आवागमन जोखिमभरा हो गया है। ज्ञापन में उल्लेख किया कि इस संबंध में पूर्व में मुख्यमंत्री, सांसद, विधायक तथा जिला प्रशासन को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक समस्या का स्थाई समाधान नहीं हो पाया है। क्षेत्रवासियों ने सात दिन तक आमरण अनशन भी किया, इसके बावजूद सड़क निर्माण की दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों का कहना है कि खराब सड़क के कारण प्रतिदिन स्कूली विद्यार्थियों, महिलाओं, बुजुर्गों और वाहन चालकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है तथा दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए क्षतिग्रस्त 100 मीटर सड़क का स्थाई निर्माण शीघ्र कराया जाए। जब तक स्थाई निर्माण संभव नहीं हो, तब तक मार्ग पर मलबा या ग्रेवल डालकर आवागमन सुचारु किया जाए, ताकि बरसात के दौरान लोगों को राहत मिल सके। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो क्षेत्रवासी पुनः आंदोलन करने व चुनाव बहिष्कार करने को विवश होंगे। इस दौरान अजय सिंह शक्तावत, धनराज प्रजापत समेत कई युवक शामिल थे।



