Deoli News 8 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) यहां बुधवार को होने वाले नगर पालिका चुनाव को लेकर पुलिस ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैयारी कर ली है। शहर के विभिन्न वार्डों में स्थित मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के लिहाज से पुलिसकर्मियों की नियुक्ति की गई है।

देवली डीएसपी मदन ढाका एवं थाना प्रभारी प्रीति ने बताया कि नगर पालिका क्षेत्र के 35 मतदान केंद्रों को सामान्य एवं क्रिटिकल (संवेदनशील) मतदान केंद्रों के रूप में चिन्हित किया गया है। उन्होंने बताया कि सामान्य मतदान केंद्र पर दो पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है, जिसमें एक कांस्टेबल और एक होमगार्ड शामिल रहेगा। वहीं क्रिटिकल मतदान केंद्र पर पुलिस का एक-चार का जाप्ता तैनात रहेगा। इसके अलावा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आधा दर्जन मोबाइल टीमें गठित की गई हैं, जो नगर पालिका क्षेत्र के मतदान केंद्रों पर लगातार भ्रमण कर कानून व्यवस्था का जायजा लेंगी। डीएसपी मदनढाका ने बताया कि मोबाइल टीमों में पुलिस लाइन से अतिरिक्त जाप्ता लगाया गया है, जो चुनाव के दौरान क्षेत्र में घूमकर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखेगा। साथ ही तीन सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं।

जिनमें दो इंस्पेक्टर एवं एक सर्कल ऑफिसर स्तर के अधिकारी शामिल हैं। पुलिस उपाधीक्षक मदन ढाका ने देवली के विभिन्न मतदान केंद्रों की स्थिति का जायजा लेकर अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों को निर्देश भी दिए है। वहीं मंगलवार को ऑब्जर्वर, जिला कलक्टर समेत अधिकारियों ने दूनी में चुनावी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। यह अधिकारी पहले चरण के चुनाव वाली नगर पालिका क्षेत्रों में व्यवस्थाएं देख रहे हैं।



