-
देवली में विजयदशमी की तैयारी तेज
-
2 सप्ताह से रावण, मेघनाथ और कुंभकरण के पुतले बनाने में जुटे कारीगर
Deoli News 14 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) विजयदशमी पर्व को लेकर शहर के मुख्य बाजार में उपखंड अधिकारी निवास के समीप रहने वाली बस्ती के कारीगर रावण, मेघनाथ और कुंभकरण के पुतले बनाने में जुटे हैं। पिछले एक सप्ताह से कारीगर मेहनत कर अलग-अलग आकार के पुतले तैयार कर रहे हैं।
इन पुतलों की कीमत 200 रुपए से लेकर करीब 20 हजार रुपए तक है, जिन्हें लोग खरीदकर विजयदशमी पर दहन करते हैं।.कारीगरों के लिए यह काम केवल परंपरा ही नहीं, बल्कि रोजी-रोटी का जरिया भी है। पिछले साल बारिश के कारण उनका कारोबार प्रभावित हुआ था। मेहनत से तैयार किए गए पुतले भीगने से उन्हें काफी नुकसान उठाना पड़ा था। इस बार भी कारीगरों ने जैसे-तैसे पैसों की व्यवस्था कर पुतले तैयार किए हैं। अब उन्हें उम्मीद है कि मौसम साथ देगा और बिक्री अच्छी होगी।
देवली में विजयदशमी पर नगर पालिका की ओर से मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। इसके अलावा शहर की विभिन्न कॉलोनियों में बच्चे और स्थानीय लोग भी अपने स्तर पर रावण सहित अन्य पुतलों का दहन करते हैं। वर्षों से चली आ रही इस परंपरा के चलते हर साल पुतलों की मांग रहती है। इस बार विजयदशमी 20 अक्टूबर को मनाए जाने की जानकारी के बीच कारीगरों को पर्व नजदीक आने के साथ बिक्री बढ़ने की उम्मीद है।



