महिलाओं ने की गिरिराज धरण की परिक्रमा
Deoli News 10 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में मंगलवार को गोवर्धन पूजा का पर्व हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महिलाओं ने ब्रजराज भगवान गिरिराज धरण की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।

पूजा के लिए महिलाओं ने सुबह गोबर एकत्रित कर समूह के रूप में घरों के बाहर गोबर से भगवान गिरिराज धरण का भौतिक स्वरूप बनाया। इसके बाद भगवान का माल्यार्पण कर पुष्प और प्रसाद अर्पित किए। महिलाओं ने आरती उतारकर विधिवत पूजा-अर्चना की तथा भगवान गिरिराज धरण के स्वरूप की परिक्रमा की। शहर के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में भी गोवर्धन पूजा को लेकर उत्साह देखने को मिला। उल्लेखनीय है कि दीपावली के अगले दिन गोवर्धन पूजा करने की परंपरा है, लेकिन इस बार दीपावली के अगले दिन अमावस्या होने के कारण मंगलवार को गोवर्धन पूजा का आयोजन किया गया।

वहीं ग्रामीण क्षेत्रों के कई गांवों में परंपरानुसार बैल पूजन भी किया गया। हालांकि बदलते समय के साथ यह परंपरा धीरे-धीरे कम होती जा रही है, लेकिन कई किसान आज भी बैलों का पूजन कर इस पारंपरिक विरासत को जीवित रखे हुए हैं।


