Deoli News 12 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के गुरुद्वारा रोड पर बेतरतीब वाहन पार्किंग की समस्या अब आमजन के लिए परेशानी का सबब बनती जा रही है। शहर के सबसे चौड़े मार्गों में शामिल यह सड़क भी अव्यवस्थित पार्किंग के चलते सिकुड़ती नजर आ रही है। लिहाजा अब देवली में भी पार्किंग फैसिलिटी की जरूरत महसूस होने लगी है।
सड़क के दोनों ओर दुपहिया और चौपहिया वाहन खड़े रहने से मार्ग की चौड़ाई कम हो जाती है और आवाजाही बढ़ते ही जाम के हालात बन जाते हैं। गुरुवार को भी यहां दोपहर में काफी देर तक लंबा जाम लगा। टू व्हीलर चालकों को भी इधर-उधर की गलियों से निकलना पड़ा। दरअसल गुरुद्वारा रोड शहर का व्यस्त मार्ग है, जहां दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रहती है। बाजार आने वाले लोग पार्किंग की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क किनारे और दुकानों के सामने वाहन खड़े कर देते हैं। कई वाहन चालक अपनी सुविधा के अनुसार कहीं भी वाहन खड़ा कर चले जाते हैं। इससे राहगीरों और अन्य वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ती है। कई बार आमने-सामने बसे, वाहन आने पर निकलने तक की जगह नहीं बचती।
इस अव्यवस्था का सबसे अधिक असर दुपहिया वाहन चालकों, पैदल राहगीरों, दुकानदारों और बुजुर्गों पर पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि जिस मार्ग पर आसानी से यातायात संचालित हो सकता है, वहां बेतरतीब पार्किंग के कारण जाम की स्थिति बनना चिंताजनक है। इससे न केवल समय की बर्बादी होती है, बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। शहरवासियों ने गुरुद्वारा रोड पर व्यवस्थित पार्किंग स्थल निर्धारित करने, नो-पार्किंग क्षेत्र चिन्हित करने और यातायात पुलिस की ओर से नियमित निगरानी की मांग की है।

लोगों का कहना है कि वाहन चालकों को भी अपनी सुविधा के बजाय दूसरों की परेशानी का ध्यान रखते हुए जिम्मेदारी से वाहन पार्क करने चाहिए, ताकि शहर के इस प्रमुख मार्ग पर यातायात सुचारू बना रहे। यही हालत देवली और हनुमान नगर थाने के मिलान सीमा जहाजपुर चूूंगी नाके पर भी दिन में कई बार बनती है।


