Deoli News 16 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) हैहय क्षेत्रीय कलाल समाज संस्थान देवली की ओर से सोमवार को पटेल नगर स्थित नर्बदेश्वर महादेव परिसर में समाज के आराध्य भगवान राजराजेश्वर सहस्त्रबाहु अर्जुन का जन्मोत्सव मनाया गया।
कार्यक्रम में समाज के प्रबुद्धजनों, महिलाओं और युवाओं ने भाग लिया। संस्थान अध्यक्ष डॉ. रतनलाल सुवालका ने बताया कि समारोह की अध्यक्षता प्रहलाद मेवाड़ा ने की। मुख्य अतिथि शिक्षाविद् रामेश्वर प्रसाद सुवालका (सावर) तथा विशिष्ट अतिथि आयरलैंड में चिकित्सा सेवा दे रहे रामकिशन सुवालका (भीलवाड़ा) रहे। इस दौरान समाज का नाम रोशन करने वाले प्रतिभावान छात्र-छात्राओं, चिकित्सकों, सरकारी सेवाओं में नियुक्ति प्राप्त करने वालों तथा उत्कृष्ट समाजसेवा करने वाले लोगों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
यहां कोषाध्यक्ष धर्मचंद मेवाड़ा, महामंत्री गोपाल कलवार, संपतराम सुवालका, कैलाशचंद्र सुवालका, दलेल सिंधव, धर्मेंद्र मेवाड़ा, सत्यनारायण बुलिया, बंशीलाल कलवार और छीतरलाल सुवालका सहित ने समाज के उत्थान और विकास को लेकर विचार रखे। इन सुझावों को आगामी वर्ष में क्रियान्वित करने के प्रयास करने पर सहमति जताई गई। मुख्य अतिथि रामेश्वर प्रसाद सुवालका ने युवाओं को प्रतिस्पर्धा के दौर में बेहतर परिणाम प्राप्त करने के लिए निरंतर परिश्रम करने की प्रेरणा दी।
वहीं विशिष्ट अतिथि रामकिशन सुवालका ने सहकारिता के माध्यम से समाज में एकजुटता मजबूत करने पर जोर दिया। डॉ. सुवालका ने सभी का आभार व्यक्त किया। मंच संचालन कैलाशचंद्र सुवालका ने किया।


