Jahazpur News 28 जुलाई (मोहम्मद आज़ाद नेब) ग्राम पंचायत लुहारी कलां के सोराम मास्टर के झूपड़ा के ग्रामीणों ने आम रास्ते से अतिक्रमण हटवाने की मांग को लेकर मंगलवार को उपखंड अधिकारी जहाजपुर को ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के एक व्यक्ति ने मुख्य मार्ग पर अवैध रूप से कच्चा कोट (बाड़बंदी) बनाकर रास्ता बंद कर दिया है, जिससे लोगों का आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। ज्ञापन में बताया कि यह रास्ता ग्रामीणों के खेतों, कुएं, तालाब तथा अन्य आवश्यक स्थानों तक पहुंचने का एकमात्र मार्ग है। इसी रास्ते पर काल भैरव का धार्मिक स्थल भी स्थित है, जहां आने-जाने में ग्रामीणों और पशुपालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि रास्ता खुलवाने के लिए पूर्व में भी कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन संबंधित व्यक्ति ने कथित रूप से अपने राजनीतिक प्रभाव और धनबल के कारण अतिक्रमण नहीं हटाया।



