Deoli News 25 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) समीप के सावर थाना क्षेत्र के घटियाली गांव में शुक्रवार रात दो बाइकों की आमने-सामने हुई जबरदस्त भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को निजी साधनों से देवली उपजिला अस्पताल पहुंचाया। सावर थाना पुलिस के अनुसार हादसा शुक्रवार रात करीब 9 बजे घटियाली गांव में हुआ। दुर्घटना में दीपक पुत्र परमेश्वर गुर्जर निवासी जसवंतपुरा, रामपाल पुत्र हरिराम माली निवासी घटियाली, दिनेश पुत्र रामकिशन मीणा निवासी बाड़ी थाना सावर तथा कान्हाराम पुत्र गणपत सिंह निवासी सावर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चारों घायलों को देवली उपजिला अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद कान्हाराम पुत्र गणपत सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल दीपक, रामपाल और दिनेश को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर उपचार के लिए कोटा रेफर कर दिया गया।
घायलों के सिर में गंभीर चोटें आने की जानकारी सामने आई है। हादसे की सूचना पर देवली उपजिला अस्पताल में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। वहीं सूचना पर सावर थाना पुलिस के एएसआई किशनलाल और एएसआई रामधन मीणा मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मृतक के शव को देवली उपजिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। थाना पुलिस को रिपोर्ट अब मिलेगी। वहीं पोस्टमार्टम भी अब किया जाएगा।



