पार्टी के प्रत्याशी विक्रम सिंह गुर्जर के समर्थन में करेंगे आमसभा
Deoli News 17 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के देवली-उनियारा प्रत्याशी डॉ. विक्रम सिंह गुर्जर के समर्थन में 18 नवम्बर को दूनी में जनसभा होगी। इसमें आरएलपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष समेत नेता शामिल होंगे। उल्लेखनीय है कि विक्रम सिंह गुर्जर स्थानीय नेता के तौर पर यहां चुनाव लड़ रहे हैं।

इसे लेकर प्रत्याशी की ओर से तैयारियां जोर-शोर पर चल रही है। डॉ. विक्रम सिंह गुर्जर के समर्थक विष्णु टेलर ने बताया कि उक्त आमसभा में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हनुमान बेनीवाल व आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आएंगे। इसे लेकर ग्रामीण व आमजन को आमसभा में आने के लिए न्योता दिया गया है। यह नेता जरिए हेलीकॉप्टर कार्यक्रम स्थल के समीप पहुंचेंगे।

उन्होंने बताया कि आमसभा सुबह 8 बजे तहसील परिसर के पास होगी। इसी के पास हेलीपैड बनाया गया है। आमसभा में आमजन व आरएलपी कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे। आम सभा में करीब 10 हजार से अधिक लोगों व समर्थको को लाने का लक्ष्य तय किया गया। इसे लेकर हेलीपैड तैयार कर मंच आदि बनाए गए हैं। वहीं दूनी में जगह-जगह स्वागत के लिए तोरण द्वार बनाए गए। इसके अलावा समर्थकों के वाहनों से यातायात जाम ना हो, इसके लिए पार्किंग की अलग व्यवस्था की गई है। शनिवार को आरएलपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हनुमान बेनीवाल से मुखातिब होने के लिए समर्थको में उत्साह देखा है।

शनिवार को होने आमसभा पर दोनों प्रमुख पार्टियों के नेताओं की नजर रहेगी। उल्लेखनीय की विक्रम सिंह गुर्जर लगातार क्षेत्र में दौरा कर लोगों से जनसंपर्क कर रहे हैं।


