डेढ़ माह में सीसी रोड बनाने का दिया भरोसा, पीडब्ल्यूडी अधिशासी अभियंता पहुंचे मौके
Deoli News 15 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के अजमेर कोटा बाईपास तिराहे पर पिछले कई माह से सड़क मरम्मत नहीं होने से गुस्साए लोगों ने मंगलवार सुबह देवली कोटा मार्ग जाम लगा दिया। वहीं इसके चलते अजमेर मार्ग भी बाधित हो गया।
सूचना पर हनुमान नगर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। दरअसल अजमेर कोटा बाइपास तिराहे पर करीब 300 मीटर का यह हिस्सा बेहद क्षतिग्रस्त हो गया है, जो पिछले 5 माह से गड्डों में तब्दील है। लेकिन इसकी मरम्मत नहीं हुई। गड्डों एवं धूल के गुबार से आसपास के लोग बेहद परेशान हो गए। जिन्होंने मंगलवार सुबह मार्ग जाम कर दिया। सूचना पर शाहपुरा पीडब्ल्यूडी अधिशासी अभियंता मौके पर पहुंचे तथा लोगों से समझाईश की। इस दौरान सहायक अभियंता ने आरएसआरडीसी के प्रोजेक्ट मैनेजर हीरालाल अग्रवाल से बात कर टेंडर प्रक्रिया जल्द से जल्द करवाकर डेढ़ माह में सड़क दुरुस्त करने का आश्वासन दिया। यहां 45 दिन के भीतर सीसी रोड बनाने का भरोसा दिलाया गया। इसके बाद लोग मार्ग से हट गए। वहीं अस्थाई तौर पर इन गड्ढों में गिट्टी व पत्थर भरकर आवाजाही सुलभ करने की मांग की। जिसे तत्काल स्वीकार कर दिया गया। उक्त सड़क पर अस्थाई तौर पर गिट्टी, पत्थर आदि डालकर सड़क समतल की जा रही है।
वहीं डेढ़ माह के भीतर यहां सीसी सड़क बना दी जाएगी, ताकि लोगों की समस्या खत्म हो जाएगी। उल्लेखनीय है कि कोटा रोड का यह हिस्सा पिछले काफी वक्त से बेहद खराब था। लेकिन इस पर ध्यान नहीं दिया गया। वर्षा कल के दौरान यहां एक दिन में दर्जनों बार घण्टों जाम लगे।


