पर्यटकों की सुरक्षा के लिए दिए, जाली लगाने के निर्देश
Deoli News 29 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) उपखंड अधिकारी रूबी अंसार ने पुलिस उपाधीक्षक देवली रामसिंह के साथ मंगलवार को मोती सागर बांध (धुवा कला) का निरीक्षण किया। इस दौरान तहसीलदार नगरफोर्ट, नायब तहसीलदार धुवा कला और सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता उपस्थित थे।
उपखंड अधिकारी ने वर्तमान में चल रहे पानी के बहाव को देखते हुए बांध पर जाली लगाने तक पर्यटकों की आवाजाही बंद करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि यह जाली बुर्ज के ऊपर जाने वाले सीढ़ी पर लगाई जाएगी। इसके अलावा नीचे पानी के बहाव व गहराई वाले हिस्से में भी लगाने पर विचार किया जा रहा है। इस दौरान वहां उपस्थित आमजन को बहाव क्षेत्र से दूर रहने की अपील की, ताकि किसी भी प्रकार के हादसे से बचा जा सके। निरीक्षण के बाद उपखंड अधिकारी ने धुवाकला में स्थित पैनोरमा धन्ना भगत पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने आवश्यक निर्देश दिए और व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए कहा। उपखंड अधिकारी का यह निरीक्षण क्षेत्र में सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर एक अहम कदम है। उल्लेखनीय है कि सोमवार देर शाम टोंक निवासी एक युवक की मौत हुई थी। इसके बाद प्रशासन ने संज्ञान लिया है।


