नाले व नालियां हुई ओवरफ्लो, कच्ची बस्तियों में भी भरा पानी
Deoli News 25 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर में बुधवार दोपहर को मूसलाधार बारिश हुई, जिससे समूचा शहर तरबतर हो गया। करीब एक घंटे की बारिश ने शहर के नाले, नालियां और सड़कों को ओवरफ्लो कर दिया, जिससे कई जगहों पर घरों और दुकानों में पानी घुस गया।
शहर के चर्च रोड पर पानी बहता रहा, यहां शिव टॉकीज के करीब पिछले दिनों बनाए गए सीसी सड़क के पास केबिनों में पानी घुस गया। शहर के रोडवेज बस स्टैंड निकास द्वार से अंदर मोड़ पर काफी मात्रा में पानी भर गया। लोग झाड़ू से पानी निकालते दिखे। उधर, शहर के गाड़ियां लुहार बस्ती में भी पानी का भराव हो गया, यहां पानी सड़क से नीचे उतरकर गाड़ियां लुहार कच्ची बस्ती में जमा हो गया।
शहर के पुलिस थाना, तहसील परिसर, जनता कॉलोनी व कई सरकारी कार्यालयों में भी पानी का भराव हो गया। कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दोपहर करीब एक बजे जाकर मूसलाधार बारिश का दौर थमा और बादल छट गए। उल्लेखनीय है कि पिछले एक सप्ताह से लगातार देवली शहर और आसपास के इलाकों में बारिश जारी है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है, लेकिन कई जगहों पर जलभराव की समस्या भी उत्पन्न हो गई।



