Deoli News 9 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) नगर पालिका चुनाव को लेकर बुधवार को मतदान प्रक्रिया के बीच ऑब्जर्वर सौरभ स्वामी ने देवली के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं, मतदान प्रक्रिया एवं मतदाताओं की संख्या को लेकर भी जानकारी ली।
इसके बाद ऑब्जर्वर ने सेक्टर ऑफिसर्स के साथ हायर सेकेंडरी परिसर देवली में बनाए गए स्ट्रांग रूम का भी अवलोकन किया। इस बार मतदान के बाद सभी ईवीएम मशीनों को यहीं सुरक्षित रखा जाएगा तथा आगामी 14 सितंबर को इसी परिसर में मतगणना होगी। इधर, शाम को मतदान प्रक्रिया के दौरान आदर्श स्कूल, बस स्टैंड के बाहर कुछ समय के लिए गहमागहमी की स्थिति बनी। प्रत्याशियों के अंदर जाने और खड़े रहने को लेकर पुलिस एवं प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच विवाद हुआ। बाद में पुलिस ने समझाइश कर मामला शांत कराया। दिनभर प्रत्याशी एवं उनके समर्थक घरों से मतदाताओं को मतदान केंद्रों तक पहुंचाते नजर आए।
मतदान अवधि समाप्त होने के साथ ही भाजपा और कांग्रेस के नेता अपने-अपने प्रत्याशियों को एकत्र करने की तैयारियों में जुट गए। वहीं शाम 6 बजे तक मतदान केंद्रों पर पहुंचने वाले सभी मतदाताओं को मतदान के लिए अंदर ले लिया गया। शाम 6 बजे तक का मतदान 85.32% सामने आया है। यहां 20 हजार 315 लोगों ने मतदान किया।


