Deoli News 11 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर की ज्योति कॉलोनी में खाली भूखंडों में भरा पानी अब ओवरफ्लो होने लगा है। जिसकी वजह से यह पानी आसपास की गलियों में जमा हो रहा है।
वही नाले अवरुद्ध होने से समस्या ज्यादा दुखदायी हो रही है। क्षेत्र के लोगों ने बताया कि ज्योति कॉलोनी में गौतम सेवा सदन रोड पर दोनों ओर खाली भूखंड हैं। जिनमें वर्षों पुराना का कचरा भरा हुआ है। पिछले दिनों हुई बारिश का पानी इन भूखंडों में लबालब भर गया। यहां कीचड़ की भरमार है। वही यह पानी ओवरफ्लो होकर आसपास की गलियों में जमा होने लगा है। ओवरफ्लो पानी अब सड़क कूदकर दूसरी ओर गलियों में भी एकत्र हो रहा है। इससे गंदगी पनप रही है और लोग परेशान है। क्षेत्रवासियों ने बताया कि गौतम सेवा सदन वाले मार्ग पर नाला बना। लेकिन यह नाला धर्मशाला के पास एवं ट्रांसफार्मर के समीप पूरी तरह चौक है। जिसकी वजह से पानी आगे नहीं जा पा रहा है।
नतीजन खाली भूखंडों का पानी लोगों के लिए मुसीबत बनता जा रहा है। कॉलोनीवासियों ने ग्राम पंचायत ऊंचा से मांग की है कि इन नालों का खुलासा कराया जाए, ताकि पानी की निकासी हो सके। इसी प्रकार आसपास साफ सफाई करने की मांग की गई है।


