Deoli News 3 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) नासिरदा उप तहसील स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नासिरदा में शुक्रवार को कन्या पूजन कार्यक्रम का आयोजन हुआ।
आयोजन में विद्यालय में अध्ययनरत कक्षा एक से 5 की कुल 16 बालिकाओं को विशेष सम्मान दिया गया। प्रार्थना सभा में इन कन्याओं को आगे बैठाकर उनके माथे पर तिलक लगाया गया, लच्छा बांधा गया और गुड़ से मुंह मीठा कराया गया। इसके अलावा, प्रत्येक बालिका को एक केला और एक कॉपी-पेन उपहार स्वरूप भेंट किया गया। विद्यालय प्रधानाचार्य भगवान शर्मा ने कन्या पूजन के महत्व पर प्रकाश डाला। इस दौरान वाइस प्रिंसिपल सुनील जैन भी मौजूद थे।
आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर में दिया प्रशिक्षण
राजकीय महाविद्यालय देवली में महिला प्रकोष्ठ एवं रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण केंद्र के संयुक्त तत्वाधान में चल रहे आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर के 21वें दिन देवली थाने की कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की महिला कांस्टेबल गायत्री चौधरी ने छात्राओं को आत्मरक्षा की महत्वपूर्ण तकनीकें सिखाईं। इस दौरान उन्होंने टाइगर पंच और पिकॉक अटैक जैसी तकनीकों का प्रदर्शन किया और हमलावर से बचाव के तरीकों के बारे में बताया।
छात्राओं को आत्मरक्षा की विभिन्न तकनीकें सिखाई गईं, जिससे वे अपने आप को सुरक्षित रख सकें। प्राचार्य प्रो. डॉ. पूरणमल वर्मा ने कहा कि आत्मरक्षा प्रशिक्षण से छात्राएं निर्भय भविष्य की ओर बढ़ सकती हैं।


