Deoli News 5 नवम्बर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मालपुरा मोटाराम बेनीवाल ने देवली-उनियारा विधानसभा क्षेत्र के देवली सर्कल के विभिन्न थानों के आसूचना अधिकारियों व एचएम की मंगलवार को बैठक ली।
दरअसल यह बैठक पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय में हुई। इसमें बेनीवाल ने उपचुनाव के तहत कानून और व्यवस्था की स्थिति पर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। बेनीवाल ने विभिन्न थानों के आसूचना अधिकारी एवं एचएम को चुनाव के दौरान एनडीपीएस एक्ट पर कार्रवाई, तस्करों पर नजर रखने व सर्तक रहकर ड्यूटी करने की बात कही। उन्होंने क्षेत्र में निष्पक्ष चुनाव करवाने के लिए निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार तय मापदंडों की पालना करने, आदेशो का सख्ती से पालना करने, मतदाताओं में विश्वास पैदा करने व असमाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कारवाई करने को कहा। उन्होंने कहा कि आमजन में पुलिस प्रशासन के प्रति विश्वास पैदा करने के लिए पुलिस को त्वरित कार्रवाई करनी आवश्यक है। उन्होंने उपस्थित पुलिसकर्मियों को मतदान बूथों का निरीक्षण कर सवेदनशील, अतिसवेदनशील स्थलों की पहचान करने व सभी परिस्थितियों से निपटने के लिए कारगर उपाय करने को कहा।
इसके अलावा बेनीवाल ने थाना क्षेत्रों में गड़बड़ी फैलाने वाले व असामाजिक तत्वों की पहचान करने व उनकी धरपकड़ के लिए अभियान जारी रखने को कहा और उन्हें पाबंद करने के निर्देश दिए। इस दौरान देवली डीएसपी कार्यालय के हेडकांस्टेबल रामबाबू पारीक समेत मौजूद थे।


