-
विधायक गोपीचंद मीणा ने दिए संकेत
-
सड़क निर्माण से जुड़ा प्लांट स्थापित
-
क्षेत्र के हजारों लोगों को आवागमन में मिलेगी सुविधा
Deoli News11 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) जहाजपुर विधायक गोपीचंद मीणा के प्रयासों से मुख्यमंत्री बजट घोषणा में स्वीकृत हुए कुचलवाड़ा बीजासन माता सड़क के एक सप्ताह के भीतर शिलान्यास होने की उम्मीद है। वही शिलान्यास के बाद सड़क निर्माण की गति निश्चित तौर पर पकड़ेगी। इसे लेकर विधायक गोपीचंद मीणा ने संकेत दिए हैं।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ने बजट सत्र में देवली के राजकीय चिकित्सालय से लेकर ठेठ माताजी तक करीब 4 किलोमीटर की सड़क बनाने की घोषणा की थी। उक्त सड़क सीसी बनाई जाएगी। जिसमें बीच में डिवाइडर होंगे तथा दोनों ओर नाले बनाए जाएंगे। इसे लेकर प्लांट लगाया जा चुका है। विधायक गोपीचंद मीणा ने दैनिक ब्यूरो को बताया कि विद्युत पोल शिफ्टिंग में थोड़ा वक्त लग गया। विभाग को पोल शिफ्टिंग के लिए लिखा गया है। उन्होंने कहा कि इस काम को प्राथमिकता से लेकर इसी सप्ताह शिलान्यास किया जाएगा और जल्दी ही सड़क का काम भी शुरू कराया जाएगा। जिससे कुचलवाड़ा रोड व इससे जुड़ी कई कॉलोनियों, कुचलवाड़ा गांव व माताजी समेत इस मार्ग से गुजरने वाले हजारों लोगों को सुविधा होगी। खासकर नवरात्र के दौरान माताजी के दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा होगी। सड़क निर्माण से जुड़े संवेदक विजय चौधरी ने बताया कि पोल शिफ्टिंग को लेकर विद्युत निगम को लिखा गया है। पोल शिफ्ट होते ही काम त्वरित शुरू कर दिया जाएगा।
निर्माण के मद्देनजर प्लांट वाला स्थापित कर दिया गया है। जल्द ही काम भी शुरू किया जाएगा। इसकी लागत करीब 12 करोड रुपए है। उधर, बीजेपी कार्यकर्ता परमेश्वर खटीक ने भी सोमवार को ऊंचा गांव में आए विधायक गोपीचंद मीणा से कुचलवाड़ा माताजी सड़क निर्माण का आग्रह किया था। जिस पर विधायक ने जल्द ही काम शुरू करने का भरोसा दिलाया। गौरतलब है कि वर्तमान स्थिति में यह सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। जिससे गुजरना बेहद जोखिमपूर्ण है।



