गत तीन दिनों से दिख रहा है यह प्रकाश पुंज
Deoli News 5 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) क्षेत्र के घाड़ थाना क्षेत्र स्थित घुआ कला गांव के एक कुएं में दिख रहा प्रकाश पुंज चर्चा व कौतूहल का विषय बना हुआ है। जिसके वीडियो, फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
वहीं सूचना पर घाड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची है। जानकारी के अनुसार यह कुआं धुआ कला स्थित रामावतार जांगिड़ का बताया गया है। इस कुएं में कई फीट पानी का भराव है। वही पानी के ऊपर एक गोल आकार का प्रकाश पुंज दिखाई दे रहा है। यह प्रकाश पुंज चंद्रमा की भांति दिखाई दे रहा है। जिसे देखकर ग्रामीणों में चर्चा का विषय है। इसकी सूचना पर सैकड़ो ग्रामीणों की भीड़ कुएं के समीप जमा हो गई।
लोगों ने बताया कि यह प्रकाश पुंज पिछले तीन दिनों से दिखाई दे रहा है। लेकिन दोपहर में उजाला होने की वजह से दिखाई नहीं देता। सुबह जल्दी खेतों की ओर गई महिलाओं को यह दिखाई दिया। इस पर रविवार रात ग्रामीणों ने इसकी फिर से पड़ताल की तो यह प्रकाश पुंज दिखाई दे रहा है। उक्त वाकया के फोटो व वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। मसलन भीड़ जमा हो गई। वहीं लोगों की सूचना पर घाड़ थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे हैं। थाना प्रभारी का कहना है कि कुएं में टॉर्चनुमा प्रकाश पुंज दिखाई दे रहा है। लेकिन यह स्थिर है। इसकी छानबीन की जा रही है। वहीं लोगों की भीड़ को हटाया जा रहा है। लोगों का कहना है कि यदि कोई टॉर्च तथा मोबाइल की रोशनी होती तो पानी में जल्द बंद हो जाती। लेकिन यह रोशनी लगातार दिखाई पड़ रही है।



