वाहन रैली निकाली, प्रतिभाओं का सम्मान किया
Deoli News 5 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) संत शिरोमणि सेन महाराज की जयंती पर रविवार को सेन समाज द्वारा स्थानीय स्वर्णकार धर्मशाला से शहर के प्रमुख मार्गों पर वाहन रैली निकाली। रैली के माध्यम से सेन महाराज के संदेशों का प्रचार किया गया।
यह वाहन रैली गौरव पथ स्थित स्वर्णकार धर्मशाला से शुरू हुई, जो परशुराम चौराहा, एजेंसी एरिया, पेट्रोल पंप सर्कल, मुख्य बाजार, बस स्टैंड,छतरी चौराहा, पटवा बाजार समेत मार्गो से गुजरकर पुनः स्वर्णकार धर्मशाला पहुंची। रैली में सबसे आगे सजे वाहन में संत सिरोमणि सेन महाराज की तस्वीर थी। वहीं पीछे समाज के लोग वाहनों से चल रहे थे। वाहन रैली का अन्य समाज के लोगों, व्यापारियों एवं राजनैतिक संगठनों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। वाहन रैली के स्वर्णकार धर्मशाला पहुंचने पर सेन समाज के लोगों ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर महाआरती की। दोपहर 2 बजे सेन महाराज की पूजा अर्चना कर भजनों का आयोजन हुआ।
जिसमें राजाराम सेन, भानु शर्मा, भागचंद त्रिपाठी ने भजनों की प्रस्तुति दी। उक्त कार्यक्रम में समाज के लोकेश सेन, भंवरलाल सेन, मुकेश सेन का साफा दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया गया। इसी तरह सेवानिवृत्त कर्मचारियों व प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का सम्मान भी किया गया।
कार्यक्रम में इनका किया सम्मान
इस दौरान टीकम सेन, कन्हैयालाल सेन, आनन्दीलाल सेन, कुलदीप सेन, प्रहलाद सेन, रामलाल सेन, प्रदीप सेन का सम्मान किया गया। इस मौके पर 108 दीपको से महाआरती की गई। वहीं वरिष्ठजनों में मूलचंद सेन, बजरंग लाल, रमेश, रामगोपाल, ओम प्रकाश सेन, उमा देवी, गायत्री सेन, सावित्री सेन, भंवरी देवी, कांता देवी, सोहनी देवी आदि का शाल ओढ़ाकर सम्मान किया गया।



