पुलिस कांस्टेबल के पिता और मासूम पौत्र की मौत
Deoli News 19 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) दूनी थाना क्षेत्र के धांधोली कट के पास गुरुवार को एक अनियंत्रित तेज रफ्तार कार ने खुशियों भरे माहौल को मातम में बदल दिया। यहाँ हुई एक भीषण टक्कर में 12 वर्षीय बालक और उसके दादा की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य परिजन गंभीर रूप से घायल हैं।

दूनी थाने के सहायक उपनिरीक्षक बद्रीलाल यादव ने बताया कि बूंदी कोतवाली में कार्यरत कांस्टेबल हंसराज के पिता बन्नालाल गुर्जर निवासी बालापुरा, थाना दूनी अपने बेटे के नए मकान के गृह प्रवेश कार्यक्रम से लौट रहे थे। हंसराज का यह मकान जयपुर रोड पर बनाया गया था और यही कार्यक्रम हुआ था। वे बाइक पर अपनी बहन हंगामी देवी और पौत्र अमन व पौत्री रिया के साथ देवली से निवारिया की ओर जा रहे थे, तभी निवारिया कट के समीप एक बेकाबू कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और कार बाइक सवारों को काफी दूर तक घसीटते हुए ले गई।
इस हृदय विदारक हादसे में बालक अमन पुत्र शिवचरण गुर्जर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बन्नालाल, हंगामी देवी और रिया को गंभीर हालत में राजकीय चिकित्सालय देवली पहुँचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें उच्च केंद्र रेफर किया गया, जहाँ उपचार के बीच बन्नालाल ने भी दम तोड़ दिया। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि कार के भीतर शराब की बोतलें पड़ी हुई थीं, जिससे चालक के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है।
दूनी थाने के सहायक उपनिरीक्षक यादव ने बताया कि पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया है। फिलहाल अन्य दो घायलों का उपचार कोटा के अस्पताल में जारी है और पुलिस परिजनों की ओर से रिपोर्ट मिलने का इंतजार कर रही है। इस दोहरी मौत की खबर से पूरे क्षेत्र और पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है।



