Deoli News 6 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली के राजमहल रोड स्थित रघुनाथपुरा गांव में सोमवार दोपहर एक खेत की मेड़ पर लगी आग ने ग्रामीणों में अफरा तफरी मचा दी।

दोपहर करीब 1:15 बजे अज्ञात कारणों से भड़की इस आग की चपेट में आने से एक बकरी की जिंदा जलने से मौत हो गई, जबकि चार बकरियां और एक भैंस व उसका नवजात झुलस गए। ग्रामीण होने समय रहते इन मवेशियों को बचा लिया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों और ग्रामीणों के भारी सहयोग से आग पर नियंत्रण पाया गया। फायरमैन नीरज चौधरी ने बताया कि यह आग मानसिंह पुत्र मिश्रीलाल मीणा निवासी रघुनाथपुरा के खेत की मेड़ पर लगी थी। सूचना पर पहुंची दमकल की टीम ने होजरील की सहायता से पानी की बौछारें डालकर करीब सवा घंटे की मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझाया।
इस राहत कार्य में दमकल कर्मचारी हीरालाल, नीरज चौधरी और प्रद्युमन सिंह ने तत्परता दिखाते हुए आग को और अधिक फैलने से रोका। हालांकि, आग की लपटें इतनी तेज थीं कि वहां बंधे मवेशी उसकी चपेट में आ गए। झुलसे हुए पशुओं का उपचार कराया जा रहा है।



