Deoli News 10 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) राष्ट्रीय राजमार्ग जयपुर पर सिरोही गांव के समीप शुक्रवार शाम एक खेत की बाड़ में अज्ञात कारणों से आग लग गई। हादसे में बाड़ समेत ईंधन जल गया।
दमकल केंद्र देवली की सूचना के मुताबिक यह आग धर्मराज धाकड़ पुत्र प्रभु धाकड़ निवासी सिरोही के खेत की बाड़ में लगी है। यहां अज्ञात कारणों से खेत की बाड़ में आग लग गई। यह खेत सिरोही स्थित एचपी पेट्रोल पंप के करीब मेन रोड पर स्थित है। कुछ ही देर में आग की लंबी-लंबी लपटे उठने लगी। आग ने कुछ देर में ही करीब 100 वर्ग फीट एरिया को अपनी जद में ले लिया। शुरुआत में तो ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की। लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली तो उन्होंने देवली दमकल केंद्र में सूचना दी। सूचना पर फायरमेंन हरिओम मीणा, रमेश मीणा, आमिर मोहम्मद मौके पर पहुंचे तथा पौन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में खेत की बाड़, वहां रखी लकड़ी का ईंधन तथा कुछ मात्रा में सरसों की तूड़ी जल गई।



