Deoli News 17 जनवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) गणतंत्र दिवस समारोह के आयोजन को लेकर गुरुवार शाम 4 बजे उपखंड अधिकारी देवली की अध्यक्षता में नगर पालिका सभागार में बैठक हुई। इसमें विभिन्न ब्लॉक स्तरीय अधिकारी, सामाजिक संगठनों के सदस्य मौजूद थे।
बैठक में समारोह की रूपरेखा को लेकर चर्चा की गई और जिम्मेदारी सौंपी गई। बैठक कार्यवाही विवरण के अनुसार समारोह में ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, मार्च पास्ट, सामूहिक व्यायाम प्रदर्शन, उपखंड अधिकारी का उद्बोधन, स्वतंत्रता सेनानी व शहीदों की वीरांगनाओं का सम्मान, प्रतिभा सम्मान प्रशस्ति पत्र वितरण, नगर पालिका अध्यक्ष का उद्बोधन, राष्ट्रगीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। राष्ट्रगान के साथ समापन होगा। समारोह में बैठक व्यवस्था, यातायात, पार्किंग व्यवस्था, पुरस्कार वितरण, साफ सफाई, ध्वजारोहण आदि व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई। समारोह के मुख्य अतिथि उपखंड अधिकारी ध्वजारोहण करेंगे। जबकि अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष देवली करेंगे।



