Deoli News 29 जनवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) क्षेत्र के बड़ला गांव में लोक देवता वीर तेजाजी महाराज के नवनिर्मित मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा और विशाल तेजा मेले के आयोजन को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं।

पोलूराम चौधरी ने बताया कि इस धार्मिक उत्सव की शुरुआत 4 फरवरी से होगी। कार्यक्रम का आगाज सुबह 9:15 बजे बालाजी मंदिर से निकलने वाली भव्य कलश यात्रा के साथ किया जाएगा, जबकि इसी दिन रात्रि में बूंदी के कलाकारों द्वारा तेजा गायन अलगोजा की प्रस्तुति दी जाएगी। उत्सव के दूसरे चरण में 6 फरवरी को रात्रि 9:15 बजे से एक विशाल भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें गायक पूरणमल गुर्जर एंड पार्टी भजनों की प्रस्तुति देंगी। अर्चना एवं सपना कोटा द्वारा नृत्य प्रस्तुत किए जाएंगे। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण 7 फरवरी को रहेगा, जिसकी शुरुआत सुबह 7:15 बजे तेजाजी मंदिर से निकलने वाली शोभायात्रा और झांकी से होगी।

वहीं इसी दिन सुबह 9:15 बजे से विशाल तेजाजी मेला भरेगा और दोपहर 12:15 बजे मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा व शिखर कलश की स्थापना का मुख्य विधान किया जाएगा। जबकि दोपहर 3:15 बजे से बालाजी मंदिर परिसर में प्रसादी भंडारा आयोजित होगा।


