दूनी थाने में मामला दर्ज
Deoli News 6 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) क्षेत्र के निवारिया निवासी एक व्यापारी ने गोदाम में रखें 1400 कट्टे सरसों के चोरी होने का दूनी थाने में मामला दर्ज कराया है। उक्त माल की बाजार कीमत करीब 35 लाख रुपए बताई गई है। मामले की जांच थाना प्रभारी दूनी करेंगे।
दर्ज प्रकरण के अनुसार यह मामला पाटनी ट्रेडिंग कंपनी के संजय कुमार पुत्र महेंद्र कुमार जैन निवासी निवारिया ने दर्ज कराया है। इसमें बताया कि उनके स्वयं के गोदाम में मरम्मत कार्य के चलते उन्होंने अशोक कुमार शर्मा पुत्र रामगोपाल शर्मा का गोदाम किराए पर लिया। जिसमें गत वर्ष नवंबर माह से 1400 कट्टे सरसों के भरे हुए थे। इसी जगह अशोक कुमार गोदाम का मकान तथा ईट बनाने की फैक्ट्री भी स्थित है। यहां सीसीटीवी कैमरे भी लगे हैं तथा श्रमिक भी रहते हैं। लेकिन सोमवार सुबह जब वह गोदाम गए तो पूरा गोदाम खाली मिला। सरसों के कट्टे गायब थे। रिपोर्ट में बताया कि अज्ञात व्यक्ति पीड़ित का पूरा माल चुराकर ले गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



