Deoli News 16 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के जयपुर कोटा बाईपास कुचलवाड़ा कला क्षेत्र स्थित मां बीजासन गौशाला में विकास कार्य व सुविधा जुटाने के लिए जहाजपुर विधायक गोपीचंद मीणा ने 20 लाख रुपए देने की घोषणा की है।
गौशाला से जुड़े परमेश्वर खटीक ने बताया कि सोमवार शाम करीब 6 बजे विधायक मीना गौशाला परिसर पहुंचे। दरअसल यह मौका विधायक मीणा के जन्मदिन का था। इसे लेकर उन्होंने गायों को हरा चारा खिलाया तथा गौ माता का आशीर्वाद लिया। वही गौशाला के कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में 10 लाख रुपए विधायक कोष एवं इतनी ही राशि पंचायत समिति से दिए जाने की घोषणा की है। इस राशि का उपयोग गौशाला में चारदीवारी व गायों के छाया आदि प्रबंध में किया जाएगा। इसी तरह गौशाला की भूमि आवंटन के लिए प्रस्ताव बनाकर भिजवाने की भी बात कही है। गौशाला के कार्यकर्ताओं ने विधायक का माल्यार्पण कर तथा गौमाता की तस्वीर भेंटकर आभार व्यक्त किया। विधायक ने कहा कि पीड़ित गौ माता की सेवा सर्वोपरि धर्म है, जो यहां के सेवक भली भांति निभा रहे हैं।
इस दौरान विक्रम सिंह शक्तावत, दुर्गा लाल जांगिड़, लेखराज गुर्जर, नीरज उपाध्याय, विष्णु राजावत, पिंटू सोयल, ओमप्रकाश सोयल, परमेशवर सोयल, लोकेश ग्वाला, कुशाल खटीक सहित गौसेवक थे।


