डीवीआर ले गए चोर
Deoli News 9 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) हनुमान नगर क्षेत्र के टीकड़ गांव में बुधवार रात पहाड़ी पर स्थित चामुंडा माता मंदिर एक बार फिर चोरों के निशाने पर आ गया है
मंदिर में पिछले 15 वर्षों में यह सातवीं बार चोरी की वारदात हुई है, जिससे स्थानीय ग्रामीणों में मंदिर की सुरक्षा को लेकर चिंता है। मंदिर समिति के सदस्य रामसिंह मीणा के अनुसार बुधवार देर रात चोरों ने मंदिर में सेंध लगाई। चोरों ने अपनी पहचान छिपाने और वारदात को रिकॉर्ड होने से रोकने के लिए सबसे पहले मंदिर में लगे कैमरों का स्टोरेज डिवाइस (डीवीआर) चुरा लिया। इसके बाद चोरों ने मंदिर के अंदर रखे कई किलो वजनी दानपात्र को उठाकर पहाड़ी से नीचे एक खेत में ले गए।
वहां चोरों ने दानपात्र को एक तरफ से कटर से काटकर उसमें जमा अनुमानित करीब एक लाख रुपए की राशि निकाल ली और खाली दानपात्र को वहीं फेंक दिया। रामसिंह मीणा ने बताया कि दो साल पहले भी चोरी कर भाग रहे दो आरोपियों को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया था, लेकिन इसके बावजूद चोरी की वारदात नहीं रुक रही हैं। हनुमान नगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वारदात की जानकारी ली और जांच शुरू कर दी।

बुजुर्ग महिला के साथ दरिंदगी, मजदूरी के बहाने बुलाकर पैरों के दोनों पंजे काटे, जानिए क्यों?


