Deoli News 3 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) दूनी थाना क्षेत्र की धाँधोली बैरवा बस्ती में गत दिनों चोरों ने विभिन्न 4 स्थानों पर घरों में चोरियां कर हजारों रुपयों की नकदी, सोने- चांदी के आभूषण, सिक्के, बाइक चुरा ली और फरार हो गए। यह वारदात 31 अगस्त की रात हुई। जिसका मामला अगले दिन 1 सितंबर को दर्ज हुआ।
वारदात का पता सवेरे चला जब परिजन सोकर उठे। मामलों की रिपोर्ट दूनी थाने में दर्ज कराई गई है। रिपोर्ट के अनुसार बैरवा बस्ती धाँधोली निवासी रतन पुत्र ओंकार बैरवा रात को घर के चौक में सो रहे थे। तब चोरों ने जाली तोड़कर भीतर प्रवेश किया और कमरे में पड़ा लोहे का बक्सा उठाकर ले गए। रिपोर्ट के अनुसार चोर बक्सा तोड़कर उसमें रखे 750 ग्राम वजनी चांदी की कनकती, 250 ग्राम वजनी चांदी के पायजेब, 6 ग्राम सोने के टॉप्स, 5 ग्राम वजनी सोने का मंगलसूत्र चुरा ले गए। इसी तरह दूसरी वारदात धनराज पुत्र गोकुल बैरवा के बाड़े का कच्चा गेट तोड़कर चोर उसमें खड़ी बाइक चुरा ले गए। तीसरी वारदात के अनुसार चोरों ने प्रह्लाद पुत्र जगन्नाथ बैरवा के घर मे जाली तोड़कर लोहे का बक्सा चुरा लिया। जिसमे से चोर चांदी के चार सिक्के, 2 हजार 4 सो रुपए की नकदी चुरा ली।
चौथी वारदात में चोरों ने उर्मिला पत्नी शिवराज बैरवा के घर से 500 ग्राम वजनी चांदी की कनकती व करीब 25 हजार रुपए की नकदी चुरा ली और फरार हो गए। उक्त घटनाओं का पता सुबह लगा जब परिजन उठे। बस्ती के पास सुनसान जगह पर चुराए बक्से, कपड़े बिखरे मिले। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।


