मामला दर्ज
Deoli News 18 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली निवासी एक व्यक्ति ने जरिए इस्तगासा से जमीन बेचने के नाम पर धोखाधडी कर 10 लाख रुपए हड़पने के आरोप लगाते हुए स्थानीय थाने में मामला दर्ज करवाया है।
प्रकरण में जनता कॉलोनी देवली निवासी कांतिलाल जैन पुत्र बिरदीचंद जैन ने बताया कि उसके देवली निवासी अनीता पत्नी पारस जैन, कमल पुत्र शांतिलाल महाजन व दिनेश पुत्र शांतिलाल महाजन उसके परीचित हैं। उक्त तीनौं ने पैसे की आवश्यकता बताते हुए पीड़ित से अपने खातेदारी की जमीन खसरा नंबर 138 रकबा 0.4694 हेक्टर, खसरा नंबर 48 रकबा 1.5540 हेक्टर, खसरा नंबर 48/1 रकबा 0.0162 कुल किता 3 रकबा 2.0396 वाके तन अंबेडकर कॉलोनी ऊंचा में बताते हुए बेचने की इच्छा जाहिर की। जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच 10 लाख रुपए प्रति बीघा में उक्त जमीन का सौदा हुआ।
वहीं 23 जनवरी 2024 को 500 रुपए के स्टाम्प पेपर पर खरीददार के पक्ष में इकरारना, गवाहान से हस्ताक्षर करवा कर नोटरी पब्लिक से तस्दीक करवाते हुए साई पेटे 10 लाख रुपए पीड़ित ने दे दिए। जबकि शेष रकम सभी खातेदारों को लाकर विक्रय पत्र पंजीयन करवाने की जिम्मेदारी विक्रेता द्वारा ली गई। विक्रेता पक्ष की सहमति से 6 फरवरी 2024 को मविक्रय पत्र तैयार करवाया तथा राजस्व विभाग में जमा होने वाले निर्धारित जमा राशि बाबत सरकारी चालान बनवाकर चालान की राशि संबंधित बैंक में जमा करवा करवा दी। विक्रेता पक्ष के दिनेश महाजन ने सभी खातेदारों के हस्ताक्षर शुदा आधार कार्ड की कॉपी व फोटो पीड़ित को उपलब्ध करवा दिया।
लेकिन कार्यालय में कोई भी पंजीयन करवाने के लिए नहीं आया। इसके बाद विक्रेता पंजीयन के नाम पर टालमटोल करते रहे। आखिर में सभी ने पंजीयन करने से मना कर दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


