जताई नाराजगी, बताई समस्या
Deoli News 2 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) नगर पालिका के वार्ड नंबर 2, बंगाली कॉलोनी की गली नंबर 3 में पानी की समस्या से लोग परेशान हैं। स्थानीय निवासियों ने बताया कि 20-25 दिन पहले नई पाइपलाइन बिछाई गई थी, लेकिन इसके बाद से पानी नहीं आ रहा है। इसे लेकर महिलाएं मटका लेकर जलदाय विभाग कार्यालय पहुंची और आक्रोश व्यक्त किया।
महिलाओं ने बताई परेशानी
कंचन देवी, विद्या देवी और बंटी देवी ने बताया कि पानी नहीं आने से उनके रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लाइनमैन उनकी बात नहीं सुनते हैं और न ही फोन उठाते हैं। इसके अलावा, नई पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क खुदी पड़ी है, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है। महिलाएं और बच्चे गर्मी में परेशान हो रहे हैं और पानी के लिए तरस रहे हैं।
नाराज महिलाओं को कनिष्ठ अभियंता वीरेंद्र सिंह ने बताया कि सीआईएसएफ हिस्से में पाइपलाइन लीकेज थी, जिसे चिन्हित कर लिया गया है। जल्द ही लीकेज दुरुस्त कर उक्त कॉलोनी की गली में पानी की सप्लाई सुचारु की जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही समस्या का समाधान किया जाएगा और लोगों को पानी की सुविधा मिलेगी। महिलाओं ने मांग की है कि जल्द से जल्द पानी की समस्या का समाधान किया जाए और सड़क की मरम्मत की जाए।



