पंचायत के गेट पर लगाया ताला
Deoli News 29 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) गर्मी के बीच जल संकट से परेशान चांदली गांव की महिलाओं का सोमवार को गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने जल संकट को लेकर पंचायत तथा जल संग्रहण टंकी के समीप मटके, बर्तन लेकर प्रदर्शन किया तथा अपनी पीड़ा जाहिर की।
जानकारी के अनुसार गत 27 अप्रैल को भी गांव की महिलाओं ने पानी की समस्या को लेकर पंचायत का घेराव किया था। वही समाधान नहीं होने पर सोमवार को फिर से महिलाओं ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। महिलाओं ने बताया कि उनके गांव के अधिकांश जल स्रोत बोरिंग, कुएं सूख चुके हैं। वही तालाब में पानी नहीं है। इस वजह से ग्रामीणों को भीषण गर्मी के बीच रोजमर्रा के काम के लिए पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। पेयजल संकट विकट रूप लिए हैं। बताया गया कि गांव के लोगों को हिंगलाज माता मंदिर परिसर में बने जल स्त्रोत से करीब आधा किलोमीटर दूर जाकर पानी लाना पड़ रहा है, जो उनके लिए परेशानी बन रहा है।
महिला रईसा बानो, कजोड़ी देवी, हुसैनी, मन्नी देवी, ललिता ने बताया कि जल संकट से वह परेशान है। इसे लेकर उन्होंने सोमवार सुबह पंचायत भवन के मुख्य गेट पर ताला भी लगाया। वहीं महिलाओं ने प्रदर्शन कर अपनी परेशानी जाहिर की। उधर, सरपंच को सूचना दिए जाने के बावजूद मौके पर कोई नहीं पहुंचा। इससे नाराज महिलाओं ने देवली चांदली मार्ग पर कांटे डालकर जाम लगा दिया। महिलाओं की मांग है कि उनकी पानी की समस्या दूर की जाए। वही मार्ग पर जाम लगने से वाहनों की लाइने लगना शुरू हो गई तथा लोग परेशान हो रहे हैं। गौरतलब है गर्मी के सीजन में करीब सभी गांव में यह हालत है। लेकिन इसका समाधान नहीं हो पा रहा है। जल जीवन मिशन योजना का भी लोगों को खास लाभ नहीं मिल पा रहा है। कई जगह कनेक्शन दिए हैं तो उन्हें पानी नहीं मिल रहा।



