प्रशासन के खिलाफ की नारेबाजी
Deoli News 26 दिसंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) पनवाड़ में पिछले लंबे समय से व्याप्त जल संकट और प्रशासन की कथित अनदेखी के खिलाफ शुक्रवार को ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे गया। आक्रोशित महिलाओं सहित ग्रामीणों ने जलदाय विभाग के पंप हाउस पर पहुंचकर प्रदर्शन किया।
वहां ताला जड़कर धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों का आरोप है कि जल जीवन मिशन के तहत करोड़ों खर्च होने के बाद भी गांव के कई हिस्सों में पिछले पांच वर्षों से पानी की एक बूंद तक नहीं पहुंची है, जबकि कुछ क्षेत्रों में पानी व्यर्थ बह रहा है। ग्रामीणों ने भेदभाव के आरोप लगाए। ग्रामीणों का कहना है कि राजपूत मोहल्ला, खटीक मोहल्ला, आसन मोहल्ला, माली मोहल्ला, रेगर मोहल्ला और खाती मोहल्ला सहित कई इलाकों में अभी तक पानी नहीं पहुंचा है। जबकि कुछ स्थानों पर पाइप लाइन तक नहीं बिछी। गांव में अवैध कनेक्शनों की भरमार है। स्थिति यह है कि मात्र 70 प्रतिशत हिस्से में ही लाइन बिछी है, जबकि कागजों में योजना को पूरा दिखाया जा रहा है।
इसे लेकर जब ग्रामीणों ने जलदाय विभाग के अधिकारियों से फोन पर बात की। ग्रामीणों के अनुसार, प्रशासन ने यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि सरकार से पैसा नहीं मिल रहा है। धरने में शामिल महिलाओं ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और चेतावनी दी कि यदि ‘हर घर नल’ योजना के तहत तुरंत प्रभाव से पानी की आपूर्ति सुचारू नहीं की गई, तो आगामी दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस दौरान पंचायत प्रशासक सत्यनारायण माली, विनोद कुमार मीणा, सुमित्रा देवी, गणेशी देवी, रेखा देवी, सुमन देवी, गीता देवी, पूजा देवी, मदीना बानो, परवीन बानो, ललिता देवी, बसंत, बच्ची देवी, मंजू देवी, तेजमल, शंकर माली, भानु माली, कमलेश माली, महावीर माली, दुर्गेश माली, गणेश माली, कानाराम माली, ओमप्रकाश खाती, रघुवीर सिंह और कमलेश माली सहित ग्रामीण मौजूद थे। ग्रामीणों ने मुख्य अभियंता टोंक के नाम ज्ञापन ऑनलाइन भेजा गया।



