देवली में शनिवार रात जश्न का माहौल
Deoli News 30 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) बारबाडोस में शनिवार रात हुए टी 20 विश्व कप के फाइनल मैच में भारत ने रोमांचक जीत दर्ज की। इस दौरान मैच देखने के लिए युवा व शहरवासी रात तक टीवी के सामने डटे रहे। यह मैच अंतिम 5 ओवर में भारत के पक्ष बदला। जबकि से पहले स्थिति कुछ और थी।
दरअसल गत 17 वर्ष पूर्व महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में भारत ने टी 20 विश्व कप का खिताब जीता था। इसके बाद यह सपना शनिवार को एक बार फिर पूरा हुआ। उक्त मैच में भारतीय टीम के लिए विराट कोहली ने सर्वाधिक 76 रन बनाए। भारत का दक्षिण अफ्रीका से हुए फाइनल मैच में अफ्रीका को आखिरी ओवर में जीत के लिए 16 रन की जरूरत थी। इस पर हार्दिक पांड्या की पहली गेंद पर डेविड मिलन ने शॉट लगाया। लेकिन भारतीय टीम के सूर्यकुमार यादव ने बाउंड्री पर बॉल को कैच कर लिया। इसी के साथ भारत टी 20 विश्व कप विजेता हुई। भारतीय टीम कप्तान को वर्ल्ड कप ट्राफी उठाते देखा युवाओं में जोश का संचार हो गया। इधर, शनिवार रात विश्व कप जीतने के बाद देवली बस स्टैंड में युवाओं ने जमकर खुशी का इजहार किया। दर्जनों युवाओं ने बस स्टैंड परिसर में आतिशबाजी की तथा भारत माता के जयकारे लगाएं।

आतिशबाजी की आवाज से शहर गूंज उठा। लोगों ने भारतीय टीम की जीत पर परस्पर बधाई दी। शहर के अन्य इलाकों में भी लोगों ने भारतीय टीम की जीत पर आतिशबाजी कर खुशी का इजहार किया। खासकर क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह अलग दिखा।


